09.02.2022
डॉ श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस के घोषणा पत्र ‘उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र’ को जारी करते हुए रोजगार से लेकर महिलाओं तक को लाभ पहुंचाने का वायदा किया है।कांग्रेस के घोषणा पत्र में 18 बिंदुओ के साथ चार बड़े ऐलान किए हैं। इनमें चार लाख युवाओं को रोजगार देने से लेकर, गैस सिलेंडर के दाम 500 के पार नहीं होंने देने, 5 लाख परिवारों को सालाना 40,000 रुपये दिए जाने, स्वास्थ्य सुविधाएं हर गांव हर द्वार पर उपलब्ध कराने। सरकार बनने के पहले वर्ष में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दिए जाने व उसके बाद चरणबद्ध तरीके से यह छूट बढ़ाये जाने। पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट को 5 लाख के स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने। सरकारी नौकरी में लगी रोक को तत्काल हटाकर वर्तमान में जो 57000 खाली पद हैं, उनको पहले साल में भरने का वायदा किया गया है।कांग्रेस के घोषणा पत्र के मुताबिक, राज्य में लोकायुक्त व्यवस्था को लागू करने की बात कही गई है। पुलिस विभाग में खाली पदों को तत्काल भरने और उसमें 40 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित करने का एलान किया गया है। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में ब्लॉक कैडर व्यवस्था को लागू करने। प्रदेश में समुचित शिक्षा ढांचा विकसित करने के लिए शिक्षा बजट में वृद्धि करने। शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली राशि दोगुनी करने के साथ ही प्रत्येक शहीद परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने,खनिज उत्खनन को एक उद्योग और व्यापार के रूप में मान्यता और सम्मान देने, अवैध खनन को बंद करने व 3पी मॉडल पर काम कराने के साथ ही प्रोड्यूस प्रोसेस और पार्टनर पर आधारित व्यवस्था लागू करने, ग्राम उधमिता पार्कों के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने, राज्य के 15 ब्लॉकों को संघ अंकल परियों के रूप में विकसित करने का दावा किया गया है। नए फल नए बाजार की नीति को अपनाने, राज्य की पहली स्पोटर्स यूनिवर्सिटी बनाने, चीनी मिलों का आधुनिकीकरण करने और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया में सुधार लाने का वायदा किया गया है, जिससे कि गन्ना भुगतान समय से किया जा सकेगा। किसान आंदोलन के दौरान जिन किसानों पर राजनीतिक द्वेष के तहत मुकदमा लगाए गए उन्हें वापस करने की बात कही गई है।
इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि पांच साल में भाजपा ने हर वादे को तोड़ा है। राज्य की महिलाएं महंगाई और समाज का बोझ उठा रही हैं। आशा और आंगनबाड़ी की महिलाएं परेशान हैं। किसान नौजवान और दलित परेशान हैं। कहा कि कांग्रेस के समय में उत्तराखंड में विकास हुआ है। भाजपा रोजगार की नहीं, केवल धर्म की बात कर रही है। कहा कि कांग्रेस जनता के लिए काम करना चाहती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश भर में गन्ने का बकाया 14,000 करोड़ रुपये है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16,000 करोड़ रुपये में अपने लिए दो हेलीकॉप्टर खरीदे हैं। इन हेलीकॉप्टरों की कीमत पर बकाया राशि का भुगतान किया जा सकता था। लेकिन उन्होंने इसके बजाए दो हेलीकॉप्टर खरीदे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। सिर्फ आपका पैसा बर्बाद किया है।वही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने उत्तराखंड के चुनावी दौरे में कहा कि मैं किसानों को बधाई देना चाहता हूं कि तीन कानूनों के खिलाफ आप पहाड़ जैसे खड़े रहे। एक इंच हिले नहीं और एक कदम पीछे नहीं गए। किसानों ने हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह बताना बहुत जरूरी था। उन्होंने कहा कि किसान सिर्फ देश को भोजन नहीं देते, रास्ता भी दिखाते है। सालों से उनका यह क्रम जारी है। अंग्रेजों से लड़ाई बड़े उद्योगपतियों ने नहीं लड़ी थी। किसानों और मजदूरों ने लड़ी थी।राहुल ने कहा कि मनमोहन सिंह का समय गोल्डन पीरियड था क्योंकि उस समय किसानों और सरकार के बीच पार्टनरशिप थी। सरकार के दरवाजे खुले थे। जो किसानों के दिल में था, वह कह सकते थे। उस समय के हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री था आज के हिंदुस्तान में राजा है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं, राजा हैं।
उन्होंने कहा कि आज का राजा जनता की नहीं सुनता है। किसान एक साल ठंड और कोविड में सड़क पर खड़े थे। लेकिन प्रधानमंत्री ने बात करने की कोशिश नहीं की। यूपीए सरकार के दौरान हमने किसानों की मांग पर 10 दिन में 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया था। हमारी मंशा किसानों के साथ पार्टनरशिप करने की है। जिससे कि किसानों को लगे कि यह किसानों की सरकार है। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं गारंटी दे सकता हूं कि जो नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ किया।वह कांग्रेस की सरकार आने पर कभी नही होगा।बल्कि किसानों को सिर आंखों पर बैठाया जाएगा।अपनी वर्चुअल जनसभाओं में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं को सम्मान देना होगा।उन्होंने तराई में किसानों को साधने के लिए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को जनविरोधी राजा बता दिया ।उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान कांग्रेस सरकार में ही लौट सकता है। राहुल गांधी ने दिल्ली में किसानों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की।
इसे मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस की तीसरी पीढ़ी गरीबी को हटाने में लगी हुई है, इंदिरा गांधी से लेकर प्रियंका गांधी तक गरीबी को कम करने के लिए प्रयास कर रही हैं. हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी हमला बोला और कहा कि बहुत कम समय में ही वो खनन प्रिय सीएम बन गए हैं। ज़्यादा समय मिलता तो वो खेतों की मिट्टी भी बेच देते। हरीश रावत ने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो पहले साल 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे, दूसरे साल से 200 यूनिट बिजली फ्री करेंगे।

















