08.02.2022
चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रत्याशी रामशरण नौटियाल ने कहा कि जब वे जिला पंचायत के अध्यक्ष बने थे तब उन्होंने नवीन चकराता की नींव रखी थी। लेकिन राजनीतिक उठापठक के चलते नवीन चकराता का निर्माण नहीं हो सका। कहा कि धामी सरकार में उन्होंने नवीन चकराता के निर्माण की स्वीकृति करायी है। कहा कि नवीन चकराता का निर्माण जौनसार बावर के विकास की धुरी बनेगा। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी रामशरण नौटियाल ने साहिया, उदपाल्टा पुरोडी, नवीन चकराता, माख्टी, पोखरी, नागथात, लकस्यार, लखवाड, जुड्डो, सकरोल आदि गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर वोट मांगे। इस दौरान आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए रामशरण नौटियाल ने कहा कि जौनसार बावर क्षेत्र अब भी विकास के क्षेत्र में काफी पिछड़ा हुआ क्षेत्र है। जिसके विकास के लिए काम करने की जरूरत है। कहा कि भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाकर चकराता की जनता की सेवा के लिए भेजा है। कहा कि चकराता की जनता का आशीर्वाद मिलेगा तो चकराता क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करेंगे। कहा कि चकराता क्षेत्र में यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में काम करने की काफी जरूरत है। यदि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को दूर किया जायेगा तो क्षेत्र के लोगों को विकासनगर और देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं को रोजगार देंगे।

















