01.02.2022
भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने सोमवार को पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने अपने साथ जीवनगढ़ के दो सौ परिवारों के भी कांग्रेस की सदस्यता लेने का दावा किया। सोमवार को जीवनगढ़ में आयोजित कांग्रेस के जनसंवाद कार्यक्रम के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सोहेल पाशा ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि भाजपा में जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जाती रही है। पाशा ने कहा कि अल्पसंख्यकों की हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा ने अल्पसंख्यकों की उपेक्षा की है। अप्लसंख्यक बाहुल्य पंचायत जीवनगढ़ को भाजपा विधायक ने उपेक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि इस बार विकासनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी की बड़े अंतर से जीत होगी। कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व काबीना नवप्रभात ने कहा कि जनता भाजपा की कथनी और करनी को समझ चुकी है। इसीलिए वर्षों से भाजपा के साथ जुड़े कार्यकर्ता अब कांग्रेस का दामन थामने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सुहैल पाशा और उनके समर्थकों के कांग्रेस में आने से पार्टी को मजबूती मिली है। अब कांग्रेस की जीत का अंतर और बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक सिर्फ बयानबाजी ही कर रहे हैं। पांच साल में विकास के नाम पर पूरी विधानसभा में सिर्फ पत्थर लगाए गए हैं, लेकिन अगर विधायक खुद विकास कार्य देखने निकलें तो उन्हें असलियत पता चलेगी। उन्होंने कहा कि दस मार्च के बाद विकासनगर की जनता को उनका वास्तविक विधायक मिलेगा।

















