Home उत्तराखंड उत्तराखंड में मौसम करवट लेने को तैयार, 27 अक्टूबर से बादल और...

उत्तराखंड में मौसम करवट लेने को तैयार, 27 अक्टूबर से बादल और बूंदाबांदी के संकेत

Weather in Uttarakhand set to change, with signs of clouds and drizzle from October 27.
Weather in Uttarakhand set to change, with signs of clouds and drizzle from October 27.

देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी 27 अक्टूबर से बदलाव के संकेत दिए हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इससे प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर चटख धूप बनी हुई है, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य या उससे ऊपर बना हुआ है। सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, लेकिन दिन में गर्मी का अनुभव हो रहा है। खासकर उधमसिंह नगर में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम की ठिठुरन धीरे-धीरे बढ़ रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। सोमवार से पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और सप्ताहभर में ठंड का असर तेज हो सकता है।

हालांकि अक्टूबर की शुरुआत में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन महीने के अंत तक मौसम फिर से शुष्क हो गया है। अब पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है, जिससे पहाड़ से मैदान तक ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।