01.02.2022
चकराता विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामशरण नौटियाल ने कहा कि नवीन चकराता की राज्य सरकार से स्वीकृति दिलाकर उन्होंने जौनसार बावर के चहुंमुखी विकास की नींव रख दी है। कहा कि नवीन चकराता के निर्माण से जहां पूरे जौनसार बावर की आर्थिकी के द्वार खुलेंगे, वहीं जौनसार बावर के युवाओं को रोजगार मिलेगा। खत विशायल कोटी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के लिए निकले भाजपा प्रत्याशी रामशरण नौटियाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव जौनसार बावर के लोगों के लिए बदलाव का एक मौका है। जौनसार बावर की जनता को परिवर्तन चाहिए। पिछले बीस वर्षों से एक ही परिवार का एक नेता क्षेत्र की विधायकी पर कुंडली मारे बैठे हैं। लेकिन जौनसार बावर के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। जौनसार बावर में आज भी यातायात सबसे बड़ी समस्या है। बदहाल सड़कों पर आये दिन लोगों की मौतों का मंजर लगा रहता है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर बने अस्पताल बिना चिकित्सकों और सुविधाओं के रेफर सेंटर बने हैं। शिक्षा की हालत बदहाल है। स्थानीय स्कूलों में तैनात शिक्षक कर्मचारी देहरादून से अपडाउन करते हैं। जिससे शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार का बनना तय है और तमाम पूर्वानुमानों को ध्वस्त कर इस बार चकराता विधानसभा डबल इंजन से जुड़कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनायेगी। कहा कि चकराता क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जायेगा। कहा कि सत्ता में आने पर जौनसार बावर का चहुंमुखी विकास होगा। स्थानीय खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय दोगुना करने के लिए कृषि खेती को आधुनिकता के साथ बढ़ावा दिया जायेगा। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी नौटियाल के साथ अनुसूचित जनजाति आयेाग के अध्यक्ष मूरतराम शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

















