19.01.2022
पछुवादून में अब चुनाव प्रचार चरम पर पहुंचने लग गया है। प्रत्याशी अपनी उपलब्धियां बताने के साथ ही एक-दूसरे को खुली चुनौती देने लगे हैं। शुक्रवार को जनता से संवाद करते हुए विधायक मुन्ना चौहान ने विकास कार्यों को लेकर पूर्व काबिना मंत्री नवप्रभात को जनता के बीच में आकर आमने सामने की बहस करने की खुली चुनौती दी है। शुक्रवार को विधायक मुन्ना चौहान ने हरबर्टपुर, जीवनगढ़ और बाड़वाला में जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अपनी और सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि कांग्रेसी मित्र और पूर्व काबीना मंत्री को विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य नहीं दिखाई दे रहे हैं। अपने मंत्री रहते हुए दो कार्यकाल के विकास को लेकर पूर्व काबीना मंत्री जनता के बीच आकर उनके साथ आमने सामने की बहस करें। कांग्रेस के कार्यकाल में जितने विकास कार्य हुए हैं, उससे दस गुना विकास कार्य भाजपा सरकार के इन पांच वर्षों में हुए हैं। कहा कि कांग्रेसी मित्र को विकास देखने के लिए ऐसे चश्मे ही जरूरत है जो पारदर्शी हो। कहा कि ये पब्लिक है, सब जानती है। राज्य गठन के बाद वास्तविक विकास कब हुआ यह जनता के सामने है। कोविड काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर लोगों की मदद की है। जरूरतमंदों को दवाई, ऑक्सीजन मुहैया कराई गई। अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल में गरीब, मजदूर, किसान, युवा, बेरोजगार, महिला हर किसी की तरक्की के लिए काम किया गया है। किसान सम्मान निधि से किसानों को सहायता मुहैया कराई गई। छात्रों को टेबलेट वितरित किए गए, महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से पांच लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण मुहैया कराया गया। बताया कि विकासनगर अस्पताल को उच्चीकृत किया गया, ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया। इसके साथ ही शीतला, यमुना पर पुल निर्माण हो रहा है। कहा कि इन विकास कार्यों के साथ पूर्व काबीना मंत्री को खुली चुनौती दी जा रही है कि अपनी सुविधा के अनुसार समय और जगह निर्धारित कर जनता के बीच खुली बहस के लिए आएं और जनता को अपने विकास कार्यों की जानकारी मुहैया कराएं। दावा किया कि इस बार भी विकासनगर की जनता भाजपा को ही चुनेगी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, कनिष्ठ उप प्रमुख रेणू खान आलिम, रोशन नेगी, नीरज ठाकुर, फतेह आलिम आदि मौजूद रहे।