14.01.2022
पछुवादून में गुरुवार को कोरोना मरीजों की संख्या ने पहली और दूसरी लहर का भी रिकॉर्ड तोड़ा। गुरुवार को यहां 156 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें सेलाकुई स्थित एक शिक्षण संस्थान के नौ छात्र भी शामिल हैं। हालांकि सहसपुर ब्लॉक प्रेमनगर, मसूरी से लेकर देहरादून शहर तक फैला हुआ है। ऐसे में सहसपुर ब्लॉक में मिले संक्रमितों में इन क्षेत्रों के मरीजों के शामिल होने की भी संभावना है। सीएचसी सहसपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. प्रदीप उनियाल ने बताया कि गुरुवार को अस्पताल में किए गए रैपिड एंटीजन टेस्ट के दौरान पांच लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि 11 और 12 जनवरी को किए गए आरटी-पीसीआर जांच में 118 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिनमें से जेबीआईटी सेलाकुई के नौ छात्र भी शामिल हैं। शेष मरीज सहसपुर, सेलाकुई, प्रेमनगर से लेकर पूरे सहसपुर ब्लॉक से हैं। उन्होंने बताया कि सहसपुर ब्लॉक का क्षेत्र मसूरी से लेकर प्रेमनगर और देहरादून मुख्य शहर में भी फैला हुआ है। ऐसे में संक्रमित मरीज पछुवादून से बाहर के भी हो सकते हैं, जिन्हें चिह्नित किया जा रहा है। लिहाजा मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है। दूसरी ओर उप जिला चिकित्सालय के नोडल अधिकारी शमशेर सिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार को कुल 33 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकांश संक्रमित मरीज ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जबकि उनके संपर्क में आने वाले लोगों की घर-घर जाकर कोविड जांच की जा रही है।

















