12.01.2022
कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ने लगा है। अब इसकी चपेट में चिकित्सक से लेकर सीएमओ कार्यालय में कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसको लेकर डीएम युगल किशोर पंत ने चिंता जताई है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही जिला अस्पताल में ऑक्सीजन बेड के साथ ही सीएमओ कार्यालय में मॉनीटरिंग का हाल जाना। उन्होंने कर्मचारियों से साफ तौर पर कहा कि कोविन एप पर सभी संक्रमितों की जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही इसकी मॉनीटरिंग पर प्रशासन की नजर भी रहेगी।
मंगलवार को डीएम युगल किशोर पंत ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे के आसपास सीएमओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेश करते ही बाहर रखे सेनेटाइजर की व्यवस्था देखी। इसके बाद वह सीधे कंट्रोल रूम पहुंचे यहां उन्होंने सभी व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने सबसे पहले कंट्रोल रूम का माहौल देखा। इस बीच उन्होंने कर्मचारियों से सिस्टम में की गई डाटा इंट्री की खबर ली। कई रिकार्ड भी देखे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक को निर्देश दिए कि जो भी कोरोना संक्रमित केस हैं, होम आइसोलेट किए गए हैं। उनकी इंट्री ऑनलाइन कोविन एप पर जरूर करें, इसमें लापरवाही न की जाए। डीएम ने कहा कि रोजाना बढ़ते जा रहे कोरोना संक्रमितों की संख्या के बाद बेहद सतर्कता की जरूरत है। एसीएमओ को निर्देश दिए कि ब्लॉकवार संक्रमितों के आंकड़े, एक्टिव केस की समीक्षा रोजाना की जा रही है। डाटा एंट्री ऑपरेटर मनोज कुमार से अब तक एप में की गई एंट्री की जानकारी ली। डीएम ने साफ कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए जो भी आवश्यक दिशा निर्देश हैं उनका पालन हर हाल में किया जाए। नोडल प्रभारी जय भारत सिंह, होम आइसोलेशन के नोडल प्रभारी डॉ. बलबीर सिंह को निर्देश दिए कि शाम को वह पूरे जिले की समीक्षा करेंगे। इस बीच डीएम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अब तक जितनी संक्रमितों की संख्या मिली या उसमे बच्चों की संख्या 20 से 22 फीसद है। बच्चों को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए 15 से 18 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। कोविड से बचाव को लेकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, डिस्ट्रिक्ट डाटा मैनेजर चांद मियां, संक्रामक रोग अधिकारी प्रियंका बंसल, आयुक्त काशीपुर चीनी मिल जय भारत सिंह, डॉ. बलवीर सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. आरके सिंह, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. अजय वीर सिंह, डॉ. देवेंद्र पंचपाल आदि मौजूद रहे।

















