06.01.2022
रामपुर मंडी में वन विभाग में नए शामिल हुए पैंतालिस नए वन बीट अधिकारियों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई। बुधवार को वन आरक्षी संगठन कालसी की ओर से रामपुर मंडी में वन विभाग में नए शामिल हुए वन बीट अधिकारियों के लिए स्वागत समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर रहे सहायक वन कर्मचारी संघ शिवालिक वृत्त के संरक्षक अनिल पंवार ने कहा कि नए वन आरक्षी प्रशिक्षण के दौरान सीखी बातों पर अमल कर वनों के विकास का काम करें। साथ ही वन सुरक्षा की नई तकनीक से समय-समय पर अपडेट भी होते रहें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद आरक्षियों को नई जिम्मेदारी मिली है, जिसे बखूबी तरीके से निभाना है ताकि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा पुख्ता हो सके। कहा कि वनों की सुरक्षा के लिए वन कर्मियों को समाज के साथ मिलकर काम करना होता है, जिससे कि समाज को भी वनों की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही वनों की जैव विविधता को बनाए रखना भी वन कर्मियों की जिम्मेदारी है। इस दौरान वन बीट अधिकारी संघ के महासचिव भूपेंद्र सिंह बिष्ट, मुकेश बहुगुणा, दीपक उनियाल, राहुल चौहान, निधि सिंह आदि मौजूद रहे।

















