Home उत्तराखंड बायला के ग्रामीणों ने की डीएम से बस सेवा शुरू करने की...

बायला के ग्रामीणों ने की डीएम से बस सेवा शुरू करने की मांग

01.01.2022

देहरादून से बायला तक परिवहन निगम की बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने डीएम दफ्तर में दस्तक दी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि ओवरलोडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पर्वतीय मार्गों पर बस सेवा का संचालन किया जाना जरूरी है। शुक्रवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल ने डीएम डा. राजेश कुमार से मुलाकात की। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि 31 अक्तूबर को ओवरलोडिंग के चलते बायला-पिंगवा मोटर मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना में बायला गांव के 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग गंभीर घायल हुए थे। बताया कि चकराता क्षेत्र के पर्वतीय मार्गों पर ओवर लोडिंग आम समस्या हो गई है। यहां यात्री बसों का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों के सामने छोटे वाहनों में मानक से अधिक सवारियों के साथ सफर करना मजबूरी बन गया है। इससे जहां हर रोज ग्रामीणों को जोखिम भरा सफर करना पड़ता है, वहीं छोटे वाहन चालक मनमाना किराया भी वसूल रहे हैं। बताया कि चकराता ब्लॉक के कोटी से बायला तक जाने वाले मार्ग पर करीब पचीस गांव पड़ते हैं। ऐसे में यात्री बस का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों को छोटे वाहनों में ही सफर करना पड़ रहा है। इन वाहनों में ग्रामीणों के साथ ही नगदी फसलें भी मंडी तक पहुंचाई जाती है, जिससे वाहन कई गुना अधिक ओवरलोड हो जाते हैं। देहरादून से बायला तक कोटी से होते हुए परिवहन निगम की बस सेवा का संचालन होने से करीब चालीस गांवों के ग्रामीणों को यातायात की सुगम और सुरक्षित सुविधा मुहैया होगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में कमलेश भट्ट, संतराम जोशी, केवल राम, कुंदन सिंह, राकेश चौहान कंडमाणी, मनोज चौहान, मुकेश, बृजपाल सिंह, कपिल, दीवान सिंह, यशपाल शर्मा, सचिन परमार आदि शामिल रहे।