नैनीताल। हरतौला में भूमि में तारबाड़ करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के पीड़ित तारादत्त तिवारी ने दबंगों पर बेटी व पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगाने के साथ पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तारादत्त तिवारी ने बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा उनकी भूमि पर तारबाड़ की जा रही थी। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी व बेटी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि मामले में रामगढ़ चौकी में तहरीर सौंपी, लेकिन चौकी में उनपर समझौते का दबाव बनाया गया। सोमवार को वह बेटी को उपचार के लिए एसटीएच लेकर गए। इस मामले में उन्होंने एसएसपी नैनीताल, डीएम, कुमाऊं कमिश्नर व मुख्यमंत्री से आरोपियों पर कार्रवाई व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं मामले की जानकारी होने पर भीमताल विधायक रामसिंह कैड़ा रामगढ़ चौकी इंजार्च को फोन कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाल उमेश कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस द्वारा दबाव बनाने का आरोप निराधार है। दोनों पक्ष मामले को लेकर चौकी गए थे। रामगढ़ चौकी इंचार्ज मामले की जांच कर रहे हैं।

















