बागेश्वर। जिले में नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में तय हुआ कि स्थापना दिवस सुबह सात बजे नुमार्इशखेत से प्रभातफेरी शुरू होगी। नौ बजे थाने के पास शहीद पार्क में शहीदों का श्रृद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। विभिन्न विभागों द्वारा विकासपरक झांकी निकाली जाएगी। बैठक में तय किया गया कि सभी सरकारी एंव गैर सरकारी भवनों को प्रकाशमान किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम नुमार्इशखेत में आयोजित होंगे, जिसमें दस बजे से पुलिस, एनसीसी, पीआरडी व होमगार्ड की परेड आयोजित होगी। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में लाभार्थियों को चैक वितरण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल दिए जाएंगे। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में पेंटिंग, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, वहीं खेल विभाग व युवा कल्याण विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री रेस के साथ ही विभिन्न वर्गो में वैडमिंटन व ताइक्वाइंडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। डीएम ने कहा कि स्थापना दिवस से पूर्व नगर में सफार्इ अभियान चलाया जाएगा, जिसके नोडल अधिशासी अधिकारी नगर पालिका होंगे। उन्होंने शहीद पार्क की सफार्इ की व्यवस्था के साथ ही नुमार्इशखेत में मंच, साउंड, कुर्सिया सहित आदि समस्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश ईओ नगर पालिका को दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनीता टम्टा,वरिष्ठ नागरिक नरेंद्र खेतवाल, दलीप खेतवाल, इंद्र सिंह परिहार, भुवन कांडपाल आदि मौजूद रहे।

















