ऋषिकेश। तहसील दिवस पर डोईवाला में एसडीएम युक्ता मिश्रा ने जनसमस्याएं सुनीं। तहसील दिवस पर 11 समस्याएं दर्ज कराई गईं। इनमें से दो का निस्तारण मौके पर किया गया। मंगलवार को डोईवाला में आयोजित तहसील दिवस में एसडीएम युक्ता मिश्रा ने समस्याएं सुनीं। भानियावाला निवासी आसिफ हसन ने भानियावाला में सब्जी और फल विक्रेता के ज्यादा दाम वसूलने का मामला उठाया। रितिक अग्रवाल ने बिना लाइसेंस के मांस बिक्री किए जाने और उसके वेस्टेज का उचित प्रबंधन न किए जाने की शिकायत की। महेंद्र चौहान ने डोईवाला चौक पर सीसीटीवी लगाए जाने की मांग की। एसडीएम युक्ता मिश्रा ने सब्जियों एवं फलों के रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कुल 11 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई। इनमें से दो समस्याओं का निस्तारण मौके पर कर दिया गया है। अन्य समस्याओं को संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दिया है। मौके पर सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव गजेंद्र सिंह, डोईवाला कोतवाल राजेश साह, लघु सिंचाई के अवर अभियंता आशीष ममगाईं, सिंचाई विभाग के अभियंता आशीष यादव, जल संस्थान के विनोद असवाल, विद्युत वितरण खंड के अभियंता नरेंद्र सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।

















