चम्पावत। चांदमारी क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराने को जिला योजना में 25 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। चांदमारी क्षेत्र के लोगों ने समस्या का समाधान के लिए विधायक के प्रयासों को सराहा। शुक्रवार को चांदमारी क्षेत्र के लोगों के साथ विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने बैठक आयोजित कर नाला निर्माण के लिए लोगों से रायशुमारी की। लोगों ने कहा कि ट्रेजरी से हिटलर मार्केट में मिलने वाले नाले में बरसातों के समय में भारी मात्रा में पानी आ जाता है। नाला जर्जर और चौड़ाई में कम होने से बरसाती पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। क्षेत्र के लोगों का सीवर का पानी भी इसी नाले में आने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए विधायक अधिकारी ने जिला योजना से नाला निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई है। विधायक का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से ट्रेजरी से लेकर हिटलर मार्केट तक नाला निर्माण कराया जाएगा। जिसके लिए विधायक ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को जल्द आगणन तैयार कर टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कै.जीत सिंह, नवीन जोशी, हरदेव जोशी आदि मौजूद थे।

















