Home उत्तराखंड मलबा आने से जौनसार बावर में आठ मोटर मार्ग 7-8 घंटे तक...

मलबा आने से जौनसार बावर में आठ मोटर मार्ग 7-8 घंटे तक रहे बंद

विकासनगर। जौनसार बावर क्षेत्र में मोटर मार्गों के लगातार बंद होने से लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों पर हो रहे भूस्खलन का मलबा मोटर मार्गों पर आने से यातायात बाधित हो रहा है। बुधवार को भी क्षेत्र के आठ मोटर मार्ग मलबा आने से सात से आठ घंटे तक बंद रहे। इससे कई लोग मार्ग खुलने के इंतजार में सड़कों पर ही बैठे रहे और कई लोगों को वापस बैरंग घरों को लौटना पड़ा। जौनसार बावर क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से मोटर मार्गों पर मलबा आने से मार्ग बंद हो रहे हैं। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्गों के बंद रहने के कारण पहाड़ी क्षेत्र के दूरस्थ गांवों के लोग अपनी नगदी फसलों को बाजार और मंडियों तक समय पर नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इस कारण उन्हें अपनी उपज को औने-पौने दामों पर बेचना पड़ रहा है। इसका किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, बीमारों को अस्पतालों तक पहुंचाने, रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की आपूर्ति के लिए बाजारों तक आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। कुछ लोग सुबह घरों से बाजारों को निकलते हैं और अपनी जरूरतों के सामान को बाजारों से खरीदकर रात को घर लौट जाते हैं। लेकिन मार्गों के लगातार बंद होने से लोग एक ही दिन में आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते उन्हे बाजारों में रहकर होटल आदि का किराया भरना पड़ता है। ऐसे में कई लोग बाजारों तक जा ही नहीं पा रहे हैं। वे बैरंग अपने घरों को लौट रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी सुबह चार से पांच बजे के बीच क्षेत्र के आठ मार्ग बौराड, खारसी, रायगी-कुल्हा, देऊदिलानी, महासू देवता- थैना, कुनैन, धौरा, पट्यूड में मलबा आ गया। इससे सुबह से ही यातायात व्यवस्था उक्त मार्गों पर ठप रही। इन मार्गों पर मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गयी, जिसके बाद एक बजे तक मार्ग खुल पाए।