विकासनगर। पिछले दस वर्षों से खंड विकास कार्यालय में दैनिक मजदूरी पर डाटा इंट्री के पद पर कार्य कर रहे युवक को अचानक नौकरी से निकालने का मामला सामने आया है। अचानक नौकरी से बाहर कर देने देने से परेशान युवक ने एक सुसाइड नोट और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसमें युवक ने विभागीय अफसरों पर नौकरी से हटाने का आरोप लगाते आत्महत्या करने की धमकी दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। बुधवार को विकासनगर क्षेत्र के युवक का सोशल मीडिया में वीडियो और सुसाइड नोट जमकर वायरल हुआ। सुसाइड नोट में युवक ने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से न्यूनतम मानदेय पर वह खंड विकास कार्यालय विकासनगर में डाटा इंट्री के पद पर काम कर रहा था। सुसाइड नोट में कहा कि उसे उम्मीद थी कि एक न एक दिन कोई पद रिक्त होगा और उस पद पर उसे नियुक्ति मिल जायेगी। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी भी उसे यही भरोसा दिलाते रहे। आरोप लगाया कि बुधवार को अचानक उसे नौकरी से हटा दिया गया और दूसरे व्यक्ति की नियुक्ति कर दी गई। युवक ने कहा कि नौकरी से निकालने पर उसके सामने एकाएक रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कहा कि कैसे वह अपने बच्चों और परिवार का पालन पोषण करेगा। अधिकारियों ने उसके भविष्य को बरबाद कर दिया। कहा कि इसलिए वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर है। कहा कि वह आज ही आत्महत्या कर रहा है। जिसके लिए विभागीय अफसर जिम्मेदार हैं। सोशल मीडिया में वीडियो और नोट जारी होने के बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने युवक से संपर्क कर बुलाया। पुलिस ने विभागीय अफसरों और युवक के बीच वार्ता कराई जिसके बाद मामले में समझौता होने की बात सामने आई। एडीओ पंचायत कृपाराम जोशी का कहना है कि युवक अस्थाई रूप से ब्लॉक में काम करता था। उपनल में हाल में कुछ पदों पर इंटरव्यू कराये गये। जिसमें युवक भी शामिल हुआ था। लेकिन वह इंटरव्यू पास नहीं कर पाया। अन्य दावेदार जो पास हुए उन्हें उपनल की तरफ से दो युवकों को विकास खंड कार्यालय में डाटा इंट्री के पद पर तैनात किया गया, जिसके चलते युवक को स्वत: हटना ही था। कहा कि युवक के आरोप निराधार है। कहा कि आमने सामने युवक के साथ वार्ता की गयी, जिसमें युवक ने कहा कि अचानक नौकरी से हटाये जाने से उसका दिमाग असंतुलित होने से वह बहक गया था। कहा कि मामले में समझौता हो गया है। उधर, विकासनगर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार का कहना है कि अधिकारियों और युवक के बीच आपसी समझौता हो गया है।

















