विकासनगर। पछुवादून से लेकर जौनसार बावर तक रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। लगातार बढ़ते तापमान में जहां गिरावट आयी है वहीं उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है। बुधवार को सुबह को पहले तो चटख धूप खिली। लेकिन कुछ ही देर बाद आसमान में बदरा छाने लगे। धीरे धीरे रिमझिम बारिश शुरू हुई। इसके बाद से लगातार रुक रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक बारिश जारी है। मौसम में आये बदलाव के बाद हुई बारिश से पछुवादून में तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया था। जिससे उमस भरी गर्मी के मौसम में लोग बेहाल हो रहे थे। वहीं बुधवार को एकाएक तापमान चार डिग्री सेल्सियस घटकर अधिकतम 30 डिग्री पहुंच गया है। जिससे मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को भी उमस भरी गर्मी के मौसम से राहत मिली है। वहीं जौनसार बावर में भी लगातार बारिश हो रही है। चकराता में भी तापमान गिरकर अधिकतम 19 डिग्री पर है। बारिश के साथ हवाओं के चलने से चकराता में ठंड बढ़ गयी है। लोगों ने एहतियातन गरम कपड़े निकलकर आवागमन कर रहे हैं।

















