सावन में शिव की पूजा से विशेष फल मिलता है: अग्रवाल
ऋषिकेश। रोटरी ऋषिकेश सेंट्रल ने सावन मास में कांवड़ भरकर ऋषिकेश आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए भोजनालय का शुभारंभ किया। संस्था ने यहां यात्रियों को भोजन परोसने के साथ ही रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं भी की हैं। बुधवार को श्यामपुर बाईपास मार्ग पर रोटरी ऋषिकेश सेंट्रल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने रिबन काटकर कांवड़ यात्रियों के लिए खोले गए भोजनालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सावन मास बहुत ही पवित्र महीना है, ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव की पूजा सावन मास में करने पर विशेष फल प्राप्त होता है। तीर्थनगरी में लाखों की संख्या में तीर्थयात्री कांवड़ भरकर पौराणिक नीलकंठ मंदिर में पहुंचते हैं। तीर्थ यात्रियों की सेवा कर रोटरी ऋषिकेश सेंट्रल सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्था के कार्यों से अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। रोटरी ऋषिकेश सेंट्रल के अध्यक्ष विकास गर्ग ने बताया कि भोजनालय 13 दिन तक चलेगा। इसमें कांवड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था के साथ रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान मंत्री अग्रवाल ने कावड़ियों को जलपान वितरित किया। मौके पर सचिव देवव्रत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ललित जिंदल, पूर्व अध्यक्ष सीए हरि रतूड़ी, दीपक तायल, दिनेश गुसाईं, हिमांशु रावत, सुधीर राय, अशोक अग्रवाल, पार्षद वीरेंद्र रमोला, अवतार सिंह नेगी, राधेश्याम आदि उपस्थित रहे।

















