पौड़ी। एसएसपी यशवंत सिंह चौहान ने पुलिस अफसरों को अपने क्षेत्र में यातायात नियमों की सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनने के लिए एक दिन बैठक करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को मासिक अपराध समीक्षा की बैठक में एसएसपी ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए जिले की टूरिस्ट पुलिस चौकी व संबंधित थाने सभी पर्यटकों से अच्छा व्यवहार करे। उन्होंने सभी पर्यटकों की सहायता के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी ने सभी पुलिस जवानों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने, अपना टर्न आउट उच्चकोटि का रखने, अपने काम में पारदर्शिता रखने को कहा। कहा कि वांछित, इनामी, मफरुर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो और लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए। एसएसपी ने महिला संबंधी अपराधों, 112, साइबर अपराधों से संबंधित प्राप्त शिकायतों, विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित की समस्या हल करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आने वाले बाहरी व्यक्तियों का शत प्रतिशत सत्यापन करने, शराब पीकर वाहन चलाने, तीव्र गति से वाहन चलाने वालों, ओवर लोडिंग, दुपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी मनीषा जोशी, संचार अनूप काला, सीओ कोटद्वार गणेश लाल कोहली, श्रीनगर श्यामदत्त नौटियाल, पौड़ी प्रेमलाल टम्टा आदि शामिल थे।

















