Home उत्तराखंड आरएसएस ने किया सेलाकुई में पथ संचलन

आरएसएस ने किया सेलाकुई में पथ संचलन

विकासनगर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवकों ने रविवार को सेलाकुई में पथ संचलन कर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। पूर्ण गणवेशधारी स्वयं सेवक नगर की सड़कों पर पथ संचलन करते हुए भारत माता की जय जयकार कर रहे थे। इस दौरान नगरवासियों ने स्वयं सेवकों पर पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई के प्रांगण से शुरू हुआ पथ संचलन मुख्य नगर के साथ ही संपर्क मार्गों से होता हुआ इंटर कॉलेज में वापस लौटकर समाप्त हुआ। भारत माता के चित्र के साथ चल रहे गणवेशधारी स्वयं सेवक लोगों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहे। बौद्धिक सत्र के दौरान मुख्य वक्ता पंकज किशोर गौड़ ने कहा कि हम सभी को भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए जिन्होंने लोगों को एकत्र कर समाज में व्याप्त आसुरी शक्तियों से युद्ध किया और विजय प्राप्त की। इसी प्रकार हम सभी स्वयंसेवकों को संपूर्ण हिंदू समाज का जन-जागरण कर संगठित करना है और राष्ट्र विरोधी शक्तियों से संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। राष्ट्र के साथ ही प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की सेवा करना भी हमार नैतिक दायित्व है। कहा कि नर सेवा नारायण सेवा के समान है। पथ संचलन में जिला संघ चालक देवराज, नगर कार्यवाह ज्ञान सिंह, विचिन, संजय कंडारी, सुमित, हरीश बेंजवाल, प्रकाश भट्ट, अभिषेक सैनी, विनोद कश्यप, रजनीश कांबोज, सचिन धपोला, नारायण भट्ट, अनिल गौड़ आदि शामिल रहे।

Exit mobile version