थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यापारी की दुकान के पीछे खड़ी बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने बाइक के इंजन और अन्य पार्ट्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। शुक्रवार को सत्येंद्र पुत्र पीतांबर सिंह निवासी धूलकोट ने थाना सहसपुर पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उन्होंने अपनी बाइक 11 मार्च को सेलाकुई मेन बाजार स्थित अपनी दुकान के पीछे आड़ में छुपाकर खड़ी की थी। जिसके बाद वह क्षेत्र से बाहर निकल गया। 25 मार्च को वापस लौटा तो बाइक गायब थी। इस मामले में पुलिस और एसओजी ग्रामीण ने तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने बाजार में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस टीम ने शनिवार रात को मुखबिर की सूचना पर गुलजार पुत्र सईद निवासी सभावाला और हसीन पुत्र आरिफ निवासी ग्राम झिझोडी थाना बेहट जिला सहारनपुर यूपी को सारना नदी की झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल के सभी पार्ट्स, इंजन, टंकी सहित झाड़ियों से बाइक को बरामद कर दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हसीन की सहारनपुर यूपी में बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। जहां वे पार्ट्स लेकर जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। एसओ मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस की टीम में एसआई अमित कुमार, कांस्टेबल विपिन कुमार, त्रेपनसिंह, एसओजी ग्रामीण मणिकांत भूषण, कांस्टेबल नवीन कोहली व जितेंद्र कुमार शामिल रहे।

















