देहरादून, 19 अक्टूबर — राजधानी के राजपुर क्षेत्र में देर रात हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जब दो पक्षों की कहासुनी के बाद दून अस्पताल के बाहर गोली चल गई। इस घटना में उत्तरकाशी निवासी दिशांत सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना 18/19 अक्टूबर की रात लगभग 2 बजे की है, जब कैनाल रोड स्थित कैंटीन के पास आयुष्मान कौशिक, दिशांत सिंह राणा और माही के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। तीनों उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचे थे। वहीं, दूसरे पक्ष के नृपेंद्र धामा (बागपत निवासी) और एक अज्ञात युवक रोहन भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के बाहर चाय पीते समय दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।
इसी दौरान नृपेंद्र और रोहन ने दिशांत सिंह राणा पर गोली चला दी। घायल दिशांत को उसके साथियों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

















