रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बाल विकास परियोजना कार्यालय भिकियासैंण में कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिन्हित कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. राजुल त्रिपाठी द्वारा बच्चों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली वितरित की गई। पोषण पोटली में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पाँच प्रकार की दालें, बादाम, मखाना, सेब सहित अन्य पोषक सामग्री प्रदान की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा द्वारा लाभार्थी बच्चों को पोषण पोटली प्रदान की गई, तथा बाल विकास विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर मंजू डंगवाल द्वारा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के निर्धारित मापदंडों एवं उनकी स्थिति के संबंध में उपजिलाधिकारी सुश्री याक्षी अरोड़ा के समक्ष विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने वाल विकास से सम्बन्धित कई समस्याओ को विस्तार से बताया,तथा कैसै बच्चो का का विकास हो उस पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में उनका विभाग बाल विकास विभाग को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। अधिकारियों ने बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास विभाग एवं अभिभावकों के समन्वित प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई। विभाग द्वारा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी तथा उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में रितिका, खुशी, साक्षी एवं हर्षिता सहित कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों तथा उनके अभिभावक, नेहा, कुंदन सिंह, हेमा, दिनेश चंद्र, भावना, हरि सिंह, सुमन, हेमा देवी, सुमन देवी, तनुजा, माया, जानकी, सहित सुपरवाइजर मंजू डंगवाल, मालती देवी उपस्थित रहीं।
