
कुलदीप कुमार, नैनीताल
भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी पहुंचे और विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:15 बजे हेलीकॉप्टर से ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हेलीपैड पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और अपराह्न 03 बजे से 04 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भीमताल क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों की स्थापना तेजी से हुई है, और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में नए शैक्षणिक संस्थान खुल रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही बेहतर अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होने कहा कि आज के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में कौशल अर्जित कर रहे हैं और अच्छी शिक्षा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान, तकनीक और नवाचार का दौर है तथा वैश्विक बाजार भी तेजी से बदल रहा है। ऐसे में युवाओं का भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ नई तकनीकों, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दें,ताकि बदलती परिस्थितियों में प्रतिस्पर्धा का सामना कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहल की जा रही हैं, जिनका लाभ युवाओं को मिल रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों ने लगातार विश्वास जताते हुए, भारतीय जनता पार्टी को पुनः सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और कठिन परिस्थितियों में मिले सहयोग ने उन्हें प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान की है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा बेहतर हो, उनके कौशल का विकास हो और वे आने वाले समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करें, यही राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोगो के साथ ही भारी संख्या मे लोग उपस्थित रहे।
















