Home उत्तराखंड दो दिवसीय श्रीनगर भ्रमण पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत

दो दिवसीय श्रीनगर भ्रमण पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत

Cabinet Minister Dr. Dhan Singh Rawat to be on a two-day visit to Srinagar.
Cabinet Minister Dr. Dhan Singh Rawat to be on a two-day visit to Srinagar.

पाबौं विकासखण्ड में संचालित विभिन्न योजनाओं की करेंगे समीक्षा

विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क कर लोगों की सुनेंगे समस्या

देहरादून, 12 मई 2026
सूबे के कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत आगामी 13 व 14 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दौरे पर रहेंगे। श्रीनगर प्रवास के दौरान डाॅ. रावत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे साथ ही पाबौं विकासखण्ड मुख्यालय में स्थानीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह क्षेत्र में जनसम्पर्क कर आम लोगों, दुकानदारों, व्यापारियों, महिलाओं व युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे साथ ही उनसे क्षेत्र के विकास हेतु सुझाव भी लेंगे।

कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के क्रम में आगामी 13 व 14 मई को पाबौं विकासखण्ड के प्रवास पर रहेंगे। दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत डाॅ. रावत बुधवार को क्षेत्र के ग्वाड़ीगाड, भट्टीगांव, सरणा, पाली, कुलभौंरी, छानी, चोपड्यिूं व कोटली गांव में व्यापक स्तर पर जनसम्पर्क करेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र के ग्रामीणों, दुकानदारों, काश्तकारों, महिलाओं व युवाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं से अवगत होंगे, साथ ही क्षेत्र के विकास के लिये उनसे सुझाव भी प्राप्त करेंगे।

वृहस्पतिवार को डाॅ. रावत पाबौं ब्लाॅक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के मरम्मत व अनुरक्षण कार्य, आवासीय भवन के रंग-रोगन, इंटरलाॅकिंग टाईल सहित विकासखण्ड पाबौं के आवासीय परिसर के मरम्मत कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा इस अवसर पर डाॅ. रावत मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चैक भी वितरित करेंगे। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री पाबौं ब्लाॅक मुख्यालय में विकासखण्ड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर खण्ड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेंगे। साथ ही पाबौं क्षेत्र में विद्युत समस्याओं को लेकर यूपीसीएल के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके अलावा अविभाजित उत्तर प्रदेश में शिक्षा व पर्वतीय मंत्री रहे स्व0 डाॅ. शिवानंद नौटियाल के पैतृक गांव कोटला में उनके आवासीय भवन में संग्रहालय स्थापित करने को लेकर डाॅ. रावत पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेंगे।

इसके उपरांत डाॅ. रावत बिशल्ड में इंटर काॅलेज से बिशल्ड बैंड तथा खतगेढ जाने वाले संपर्क मार्ग के डामरीकरण व प्राथमिक विद्यालय बिशल्ड के सौन्दर्यीकरण का लोकार्पण करेंगे, साथ ही वह रलथम में बहुउद्देशीय पंचायत भवन का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा डाॅ. रावत सिमखेत, पोखरी तथा सपलोड़ी गांव में जनसम्पर्क करेंगे, साथ ही पाबौं में ग्राम प्रहरियों व बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे।