Home उत्तराखंड मुख्यमंत्री धामी ने किया उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति-2026-36 का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री धामी ने किया उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति-2026-36 का शुभारम्भ

Chief Minister Dhami launched the Uttarakhand Aroma Revolution Policy 2026-36.
Chief Minister Dhami launched the Uttarakhand Aroma Revolution Policy 2026-36.

– लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की होगी खेती
– आगामी सालों में करीब 1 लाख किसानों को जोड़ने का है लक्ष्य
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित सगन्ध पौधा केन्द्र, सेलाकुई में उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति-2026-36 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर भाऊवाला सेटेलाइट सेन्टर का लोकार्पण और ए.एम.एस (C-14) प्रयोगशाला का शिलान्यास किया गया। साथ ही चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में पाँच नए सेटेलाइट सेन्टर स्थापित किए जाने की घोषणा हुई। कार्यक्रम में कैप और डाबर इंडिया लिमिटेड के बीच एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर हुए, जिसका उद्देश्य अनुसंधान, विस्तार, मानव संसाधन विकास और मार्केटिंग में सहयोग है।
मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों और लेमनग्रास-तुलसी की खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि नीति के अंतर्गत सात एरोमा वैलियों का विकास होगा—पिथौरागढ़ में तिमूर वैली, चमोली व अल्मोड़ा में डैमस्क रोज वैली, ऊधमसिंह नगर में मिन्ट वैली, चंपावत व नैनीताल में सिनेमन वैली तथा हरिद्वार व पौड़ी में लेमनग्रास-मिन्ट वैली। इसके तहत पौधशाला विकास, अनुदान, प्रशिक्षण, बीमा, पैकेजिंग और ब्रांडिंग की व्यवस्था होगी।
राज्य में लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती कर एक लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य है। अगले दस वर्षों में टर्नओवर को 100 करोड़ से बढ़ाकर 1200 करोड़ रुपये तक ले जाने की योजना है। किसानों को बिना ब्याज ऋण, कृषि उपकरणों पर 80% सब्सिडी, गेहूं पर बोनस और गन्ने के मूल्य में वृद्धि जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। सिंचाई को मुफ्त किया गया है।
राज्य सरकार ने पॉलीहाउस निर्माण हेतु 200 करोड़ का प्रावधान किया है, जिससे अब तक 350 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं। 1000 करोड़ की लागत से क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट भी स्वीकृत हुआ है। साथ ही सेब, कीवी, मिलेट और ड्रैगन फ्रूट नीति लागू की गई है। काशीपुर में 300 करोड़ से एरोमा पार्क विकसित हो रहा है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि 2003 में एरोमा क्षेत्र का टर्नओवर मात्र 1 करोड़ था, जो अब 100 करोड़ से अधिक हो गया है। इस नीति से किसानों की आय में अभूतपूर्व वृद्धि और राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक सहदेव पुंडीर, उपाध्यक्ष जड़ी बूटी सलाहकार समिति भुवन विक्रम डबराल, जिला अध्यक्ष भाजपा मीता सिंह, गिरीश डोभाल, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, एसेंशियल ऑयल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव पी.के जैन, अध्यक्ष नगर पंचायत सुमित चौधरी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।