देहरादून। शहर में टपकेश्वर भगवान की शोभायात्रा और मोहर्रम का जुलूस निकलेगा। दोनों आयोजनों के लिए पुलिस ने अलग-अलग ट्रैफिक प्लान बनाया है। टपकेश्वर मंदिर की शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, पलटन बाजार, चकराता रोड, बिंदाल चौक से कैंट रोड होते टपकेश्वर मंदिर तक जाएगी। वहीं मोहर्रम का जुलूस ईसी रोड से शुरू होकर इनामुल्ला बिल्डिंग तक जाएगा। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सोमवार को दोनों आयोजन की तैयारी को लेकर पुलिस अफसरों संग बैठक की।
मोहर्रम के जुलूस का ट्रैफिक प्लान
– जुलूस के ईसी रोड से प्रस्थान करने पर ईसी रोड की ओर ट्रैफिक बंद रहेगा। यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार और सर्वे चौक से यातायात डायवर्ट किया जायेगा ।
– जुलूस के सर्वे चौक पास करने पर ईसी रोड का ट्रैफिक सामान्य कर दिया जाएगा। सर्वे चौक से परेड ग्राउंड की ओर से ट्रैफिक नहीं जाने दिया जाएगा।
– जुलूस के लैंसडौन चौक से दर्शनलाल चौक जाने पर सर्वे चौक का यातायात सामान्य कर दिया जायेगा। तब लैंसडौन चौक से दर्शनलाल चौक बीच ट्रैफिक बंद रहेगा।
दर्शनलाल चौक से इनामुल्ला बिंल्डिंग की ओर जुलूस जाने पर जुलूस के पीछे कोई यातायात नहीं भेजा जायेगा। यातायात दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून चौक, द्रोण होटल से डायवर्ट होगा।
– इनामुल्ला बिल्डिंग पर जुलूस समाप्त होने पर सम्पूर्ण यातायात सामान्य कर दिया जायेगा।

















