05.02.2022
भारतीय जनता पार्टी का प्रचार अभियान शुक्रवार को गांवों में पहुंचा। पार्टी प्रत्याशी ने ग्रामीणों को अगले पांच साल की कार्ययोजना के साथ ही पिछले पांच साल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही यह बताया कि विकासनगर विधान सभा में हुए विकास कार्यों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी घबरा गई है।
शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी मुन्ना चौहान ने बाबूगढ़ खेड़ा मंदिर, एनफील्ड, मंडी चौक में जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो बार कांग्रेस की सरकार बनी और दोनों ही बार तत्कालीन विधायक प्रदेश में काबीना मंत्री बने। कहा कि बावजूद इसके दो बार के मंत्री रहते हुए उन्होंने अपनी विधान सभा को क्या दिया। जो विकास कार्य मंत्री रहते हुए कांग्रेसी मित्र नहीं करा सके वो कार्य इन पांच वर्षों में हुए हैं। विकासनगर विधानसभा के शहरी क्षेत्र और गांवों में विकास कार्य हुए हैं। कहा कि चौहड़पुर का नाम विकासनगर कई दशक पहले रखा गया, लेकिन सही मायने में अपने नाम के अनुरूप विधान सभा इन पांच साल में बनी है। विकासनगर विधान सभा के शहर से लेकर बिन्हार तक के गांवों में धरातल पर विकास की किरण पहुंची है। कांग्रेस शासन काल में शहर क्षेत्र भी विकास से अछूता था।

















