Home उत्तराखंड चोरी की चार बैटरियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी की चार बैटरियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

22.01.2022

कालसी थाना पुलिस ने टावर कंपनी की चार बैटरियों को चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सूचना मिलने के तीन घंटे के अंदर चोरी की चारों बैटरियों को बरामद किया है। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना कालसी पुलिस को शुक्रवार को कंपनी के टेक्नीशियन आकाश मुल्तानी निवासी ग्राम एटनबाग पोस्ट हरबर्टपुर ने तहरीर दी। बताया कि गुरुवार रात्रि ब्यास भूड़ धोइरा में इंडस टावर कंपनी का एक टावर है। इससे से 4 बैटरियां, अन्य लोहे का सामान आदि चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना की। तभी कालसी पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की गईं बैटरियों को विकासनगर ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस की एक टीम ने कालसी काली माता मंदिर के पास पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। तभी एक सफेद रंग की कार साहिया की ओर से आ रही थी। पुलिस कर्मियों ने मौके पर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। जिसमें से पुलिस ने चार बैटरियां, लोहे की पत्तियां, नट, बोर्ड, चाबी, पेचकस, पानी और दो खुखरियां बरामद की। आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की बात कबूल की। गिरफ्तार आरोपियों ने नाम महेंद्र नाथ पुत्र मुन्नालाल निवासी ग्राम उदपालदा साहिया तहसील कालसी और मोहन कुमार उर्फ मनमोहन पुत्र आधाराम निवासी समालदा तहसील कालसी बताए। एसओ कालसी अशोक कुमार राठौड़ ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।