18.01.2022
उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने आगामी विस चुनाव के मद्देनजर पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कमियों को सुधारने और जल्द अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। चुनाव तिथि नजदीक आते ही पछुवादून में प्रशासनिक अमला व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में जुट गया है। निर्वाचन कर्मी इन दिनों पोलिंग बूथ की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिन बूथ पर कुछ कमियां मिल रही हैं, उन्हें दुरस्त किया जा रहा है। कई बूथ पर दरवाजे, खिड़कियां टूटी हुई हैं, उनकी मरम्मत की जा रही है। वहीं नामांकन प्रक्रिया को लेकर तहसील मुख्यालय में भी व्यवस्थाओं को दुरस्त किया जा रहा है। सोमवार को एसडीएम विनोद कुमार ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन स्थल पर बैरीकेडिंग लगाने, विकासनगर और सहसुपर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग नामांकन की कक्षों की व्यवस्थाएं करने का निर्देश तहसील कर्मियों को दिए। बताया कि इस बार निर्वाचन आयोग की ओर से ऑनलाइन नामांकन की सुविधा भी दी गई है। सभी व्यवस्थाओं को भौतिक तौर पर दुरस्त किया जा रहा है। बताया कि तहसील मुख्यालय में पछुवादून की दोनों विधानसभा क्षेत्रों के आरओ का कार्यालय तैयार कर दिया गया है। 21 जनवरी को नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान तहसील परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए सुरक्षा बलों के तैनाती स्थल भी चिह्नीत किए जा रहे हैं। बताया कि इसके साथ ही निर्वाचन कर्मी इन दिनों पोलिंग बूथ का निरीक्षण कर रहे हैं।

















