29.01.2022
कांग्रेस के चुनाव अभियान के तहत नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जन संपर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। कांग्रेस सरकार का गठन होते ही जौनसार बावर में ठप पड़े विकास कार्य शुरु होंगे।
शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को साहिया, जाड़ी, कोटी में ग्रामीणों से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने कभी भी गांवों का रुख नहीं किया है। कहा कि जो भाजपा प्रत्याशी इन दिनों ग्रामीणों का हमदर्द होने का दावा कर रहे हैं, उन्हें गांवों में जाने पर जनता पूछ रही है कि आप कौन हैं, आज तक तो आपको कभी देखा नहीं है। कहा कि जनता के ऐसे सवालों से भाजपा को अपनी असलियत पता चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष रहते हुए भी उन्होंने प्रदेश भर की जिम्मेदारी के साथ ही चकराता विधान सभा की जनता से लगातार संपर्क बनाए रखा। कोविड काल में जब भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी थी, तब कांग्रेस ने गांवों में मदद मुहैया कराई। कहा कि भाजपा ने पांच साल तक जौनसार बावर की बड़ी योजनाओं को साजिश के तहत लटका कर रखा। चकराता विधानसभा में जो भी विकास कार्य हुए वे सभी विधायक निधि से कराए गए हैं। अगर सरकार विकास की प्रस्तावित योजनाओं को स्वीकृत करती तो चकराता विधानसभा की तस्वीर अलग होती। कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के गठन के बाद चकराता की तस्वीर बदलेगी।

















