Home उत्तराखंड गंगा पूजन कर सतपाल ब्रह्मचारी ने किया नामांकन

गंगा पूजन कर सतपाल ब्रह्मचारी ने किया नामांकन

28.01.2022

हरिद्वार विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पूर्व सतपाल ब्रह्मचारी ने हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मेयर अनिता शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ज्वालापुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सैनी, कनखल ब्लॉक अध्यक्ष शुभम अग्रवाल, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विमला पाण्डेय, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, एडवोकेट अरविन्द शर्मा, संजीव चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संतोष चौहान, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर, नितिन यादव यदुवंशी, आकाश भाटी, विपिन पेवल आदि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि शहर को नशा मुक्त रोजगार युक्त बनाना तथा जनसुविधाओं का विकास करना उनका लक्ष्य है। बढ़ती महंगाई से गरीब व मध्यम वर्गीय जनता बेहद परेशान है। तमाम खाद्य पदार्थो व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। युवा वर्ग बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने आशीर्वाद दिया तो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी व एडवोकेट अरविन्द शर्मा ने कहा कि सतपाल ब्रह्मचारी जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने वाले योग्य उम्मीदवार हैं। उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने से उत्साहित कार्यकर्ता जनता के बीच प्रचार प्रसार में जुट गए हैं।