Home उत्तराखंड भाजपा सरकार के 5साल युवाओं के विभीषिका के समान: नवप्रभात

भाजपा सरकार के 5साल युवाओं के विभीषिका के समान: नवप्रभात

18.01.2022

कांग्रेस के जन संवाद अभियान के तहत पूर्व काबीना मंत्री नवप्रभात ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के पांच साल युवाओं के विभीषिका के समान हैं। इस दौरान युवाओं को रोजगार खोना पड़ा और भाजपा सरकारें तमाशबीन बनकर मजबूर युवाओं को दर बदर भटकते, तनावग्रस्त होते और आत्महत्या करते हुए देखते रही। कहा कि विकासनगर विधायक ने भी स्थानीय युवाओं को बेरोजगार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
सोमवार को पूर्व काबीना मंत्री अपने आवास पर विकासनगर के युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल युवाओं के लिए भयावह सपने की तरह रहा है। विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के कई युवा इस सरकार की विफलता से प्रभावित हुए हैं। युवाओं ने रोजगार गंवाया, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार का सपना दिखाती रही। सरकार अपने कार्यकाल में किसी भी युवा को रोजगार मुहैया नहीं करा पाई है। कोविड संक्रमण को रोकने में सरकार की विफलता का सबसे अधिक प्रभाव भी युवाओं पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही युवाओं के सरकारी नौकरियों दरवाजे खोलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के साधन मुहैया कराए जाएंगे। क्षेत्रीय विधायक पर आरोप लगाते हुए पूर्व काबीना मंत्री ने कहा कि विधायक हर मंच से युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का दावा करते हैं, लेकिन वे यह बताएं आज तक विकासनगर विधान सभा के कितने युवाओं को उन्होंने रोजगार दिया है। कहा कि विधायक ने स्थानीय स्तर पर होने वाले काम भी बाहरी लोगों को देकर विकासनगर के युवाओं का रोजगार छीना है। उन्होंने कहा कि विकासनगर को ऐसा विधायक चाहिए, जो स्थानीय युवाओं को साथ लेकर अपने क्षेत्र का विकास करे। इस दौरान सचिन, हुकम, धीरज, फरमान, शानू, शराफत, मनु, राहुल, विशाल, निषाद, रोहित, मोहन, अजय, जमशेद, सोहन, शुभम, कमल, जुबेर, किशन, विजय, सादिक, मोहित, आशीष भंडारी आदि मौजूद रहे।