Home उत्तराखंड परमार्थ निकेतन पहुंचे आचार्य बालकृष्ण का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वागत

परमार्थ निकेतन पहुंचे आचार्य बालकृष्ण का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वागत

06.12.2021

पतंजलि योगपीठ के महासचिव आचार्य बालकृष्ण रविवार को स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे। यहां आचार्य बालकृष्ण का स्वागत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने उन्हें तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। दोनों ने आयुर्वेद के पुनर्जागरण के विषय पर चर्चा की। स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि हिमालय ऑक्सीजन के साथ ही जड़ी-बूटियों का भी केन्द्र है। हिमालय की गोद में जड़ी, बूटियों का अपार भंडार है। इससे उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। हमें अब औषधि युक्त पौधों के रोपण पर जोर देना होगा ताकि स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के साथ ही आयुर्वेद का भी पुनर्जागरण किया जा सके। आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जिससे न केवल बीमारियों का इलाज संभव है, बल्कि इसके माध्यम से एक स्वस्थ जीवन शैली भी विकसित की जा सकती है। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि आयुर्वेद की आधुनिक बीमारियों के इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। आयुर्वेद प्राचीन भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के साथ ही जीवन का समग्र विज्ञान भी है। कहा कि सामूहिक रूप से आयुर्वेद को आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ जोड़ने का प्रयास करना होगा।