04.12.2021
टाइगर फॉल उत्थान एवं बहुउद्देश्यीय पर्यटन विकास समिति के चुनाव में सर्वसम्मति से अर्जुन सिंह चौहान को अध्यक्ष और सुंदराम जोशी को सचिव चुना गया। बैठक में निवर्तमान समिति की ओर से हिसाब का लेखाजोखा पेश न करने पर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी प्रकट की।
टाइगर फॉल उत्थान एवं बहुउद्देश्यीय पर्यटन विकास समिति का चुनाव शुक्रवार को टाइगर फॉल स्थित एक होटल में तहसीलदार चकराता रूप सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान की देखरेख में संपन्न हुआ। चुनाव संपन्न कराने के लिए आयोजित बैठक में निवर्तमान समिति की ओर से हिसाब का लेखा जोखा पेश न करने पर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जताई। जिस पर तहसीलदार ने उन्हें जल्द ही समिति द्वारा पूर्व के आय व्यय की जांच करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आयोजित चुनाव में सर्वसम्मति से अर्जुन सिंह चौहान को अध्यक्ष, सुंदराम जोशी को सचिव, दिनेश चौहान को उपाध्यक्ष और गजेंद्र सिंह रावत को कोषाध्यक्ष चुना गया। सूरज प्रकाश, रणवीर सिंह, खेम सिंह, अतर शाह, महावीर सिंह, सुंदराम को कार्यकारिणी सदस्य नामित किया गया। वहीं समिति के कार्यों की देखभाल के लिए एक दस सदस्यीय निगरानी समिति का भी गठन किया गया, जिसमें अर्जुन सिंह, तिलकराम, महावीर सिह, अर्जुन खन्ना, चतर दत्त, माया दत्त, तोता राम, गुमान सिंह, श्याम सिह व भोपाल सिंह को सदस्य बनाया गया। ग्राम प्रधान सावरा जयवीर सिंह चौहान ने बताया कि समिति की ओर से टाइगर फाल में पर्यटकों की सुविधाओं के लिए व्यवस्था की जाएगी। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि साफ सफाई और अन्य सभी सुविधाओं की देखरेख सही तरीके से हो। चुनावी प्रक्रिया में कंधाड़, सुजऊ, सावरा, ओली, इंद्रोली और सेंतोली के ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान राजस्व उप निरीक्षक अखिलेश कुमार, महावीर सिंह, पंचम सिंह, मायाराम जोशी, सरन सिंह गजेंद्र सिंह, शूरवीर सिंह, जयपाल आदि मौजूद रहे।