Home उत्तराखंड दिल्ली का युवक गंगा में डूबा, लापता

दिल्ली का युवक गंगा में डूबा, लापता

ऋषिकेश। दोस्त के साथ लक्ष्मणझूला क्षेत्र में घूमने आया दिल्ली का एक युवक गंगा में नहाते समय पानी के तेज बहाव में आकर डूब गया। सूचना पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने गहरे पानी में लापता युवक की तलाश में सर्च ऑपेरशन चलाया। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस के मुताबिक गंगा में डूबने वाला युवक मार्शल आर्ट का खिलाड़ी है। एसडीआरएफ के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली निवासी दो दोस्त सैर सपाटे के लिए लक्ष्मणझूला क्षेत्र आए। इस दौरान वे घूमते हुए मस्तराम घाट पहुंचे और नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इसी बीच अचानक विशाल (20) पुत्र त्रिलोकी नाथ निवासी बदरपुर, दिल्ली का पैर फिसला और पानी के तेज बहाव में आकर बहने लगा। उसका दोस्त उत्कर्ष (20) पुत्र विजय सिंह उसे बचाने प्रयास करता, इससे पहले वह गंगा की तेज लहरों में बहुत दूर चला गया। सूचना मिलने पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में लापता हुए युवक की तलाश में सर्च ऑपेरशन चलाया। लेकिन देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं चल पाया।