– तय समय पर करें आपदा प्रभावितों की शिकायतों का निस्तारण
नई टिहरी। डीएम डा. सौरभ गहरवार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समय पर आपदा प्रभावितों की शिकायतों का निस्तारण करें। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली-पानी की व्यवस्था सुचारु करने के भी कड़े निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर एडीएम ने आपदा में मारे गए सुरेन्द्र सिंह के पिता बीर सिंह को राहत राशि का चेक दिया गया। सुरेन्द्र सिंह टिहरी के ग्राम चिफल्डी के रहने वाले थे, जो ग्राम सरखेत देहरादून अपने रिश्तेदार के यहां गये थे। इनका शव बीती 24 अगस्त को ग्राम सरखेत देहरादून में बरामद हुआ था। डीएम ने कहा कि उन्होंने ग्रामीणों के नंबर अपने पास रखे हैं। ग्रामीणों से समय-समय पर समस्याओं के निस्तारण को लेकर बात करेंगे। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान में लापरवाही की, तो कार्यवाही की जायेगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से क्षतिग्रस्त कामों के मेजरमेंट कर तत्काल एस्टीमेट बनाकर उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। चिफल्डी गांव के निरीक्षण के दौरान जगह-जगह पीएमजीएसवाई की सड़क पर मलबे को लेकर डीएम ने एसडीएम धनोल्टी को निर्देशित किया कि पीएमजीएसवाई को 15 दिन का समय देते हुए मलबा हटाकर प्रोपर डंपिंग जोन में डलवायें। काम न करने वाले विभागों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिये। आपदा से लोगों के घरों में भरे मलबे को त्वरित गति से हटाने के आदेश दिये। डीएम ने सिंचाई विभाग को आपदा से क्षतिग्रस्त कृषि भूमि के सुधार के लिए रिवर ट्रेनिंग करने तथा नदी के दोनों तरफ चैनेलाइजेशन समय से पूरा करने के निर्देश दिए। लोनिवि को गुणवत्तापूर्ण कार्यों को करने के निर्देश दिए। उरेडा अधिकारी को गवाली डांडा, चिफल्डी, सोंदणा व तोलिया काटल के लिए 30 सोलर लाइट की तत्काल देने को कहा। चिफल्डी एवं गवाली डांडा में अगस्त-सितम्बर दो माह का सरकारी राशन पहले ही सस्ता गल्ला को उपलब्ध करा दिया गया है।

















