देहरादून। साइबर ठगों ने रिवार्ड प्वाइंट का संदेश भेजकर महिला को 62 हजार रुपये का चूना लगा दिया। मीनाक्षी शर्मा निवासी विजय पार्क, वसंत विहार आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड चलाती हैं। कार्ड से जुड़े मोबाइल पर संदेश आया कि 5884 रुपये के उन्हें रिवार्ड प्वाइंट के वापस लेने हैं। इसे क्लेम करने के लिए एक लिंक दिया गया। महिला ने रिवार्ड प्वाइंट के चक्कर में लिंक में जानकारी भर दी। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 62 हजार रुपये से ज्यादा कट गए। महिला की तरफ से साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी गई। तहरीर वहां से वसंत विहार थाने भेजी गई। थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

















