ऋषिकेश। एसओजी और पुलिस ने आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 27 हजार 500 रुपये की नगदी और दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया है। एसओजी ग्रामीण प्रभारी ओमकांत भूषण ने बताया रविवार शाम को पुलिस टीम श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इस दौरान श्यामपुर रेलवे फाटक के पास मुखबिर ने आकर सूचना दी कि भल्लाफार्म में एक परचून की दुकान चलाने वाला व्यक्ति आईपीएल के मैचों में मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा लगाता है। इस पर उनकी टीम दुकान की तरफ पहुंची तो दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने पुलिस को आता देखकर मोबाइल पर कुछ करने लगा। साथ ही कोई चीज फेंक कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान सुनील चौहान पुत्र स्व. शिवपाल सिंह निवासी भल्लाफार्म संख्या 8, श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस को आरोपी ने बताया कोविड कर्फ्यू के बाद से दुकान में कमाई कम हो रही थी। उसके बाद उसे किसी ने आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा लगाने का सुझाव दिया। इसके बाद से वह मैच में सट्टा लगाने का काम कर रहा था। टीम में श्यामपुर चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा, उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद, कांस्टेबल एसओजी नवनीत नेगी, मनोज कुमार, सोनी कुमार, कमल जोशी आदि शामिल रहे।

















