Home उत्तराखंड जीआईएस तकनीक से होगा भवनकर सर्वे

जीआईएस तकनीक से होगा भवनकर सर्वे

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला का वर्ष 2022-23 में भवन कर के लिए होने वाला सर्वे जियोग्राफिक इंफोरमेशन सिस्टम तकनीक से होगा। इससे भवन कर को सटीक और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। पालिका ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए अनुमानित आय 13 करोड़ रुपये का बजट पारित किया।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी की अध्यक्षता में पालिका की बोर्ड बैठक हुई। अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह ने बताया कि 31 मार्च 2022 को पूर्व में हुए भवनकर सर्वे को पांच वर्ष पूर्ण हो जाएंगे। अप्रैल माह से भवनकर निर्धारण के लिए जीआईएस तकनीकी से सर्वे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सर्वे से पालिका के भवनकर निर्धारण में और अधिक सुधारीकरण होगा। इसमें ड्रोन आदि उपकरणों की सहायता से यह सर्वे किया जाना है। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने आगामी चार माह के भीतर उक्त सर्वे को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सभासद मीनू गोडियाल, सुभाष चौहान, बिन्नो चौहान, मनोज बिष्ट, बबीता रमोला, गजेंद्र सजवाण, विरेंद्र चौहान, सुषमा नेगी, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, वरिष्ठ लेखालिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार, अवर अभियंता रूपेश भट्ट आदि मौजूद रहे।
नाला गैंग बनेगा:  नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर रखने के लिए जल्द अलग से नाला गैंग का निर्माण किया जाएगा। इससे यहां आए दिन नालियों, सड़कों पर इकट्ठे होने वाले मिट्टी के ढेरों को तत्काल हटाया जा सकेगा। बैठक में पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि स्वच्छता के नाम से ही इस निकाय की प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान है। कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं पर भी गंदगी आदि पाई जाती है तो इसके लिए संबंधित कर्मी जिम्मेदार होंगे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया।