05.02.2022
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने शुक्रवार को उदपाल्टा और रानी गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया। इस दौरान कई ग्रामीणों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि बारह महीने जनता के सुख दुख में साथ रहे हैं। जब भी प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो शासन प्रशासन सीधे गांव तक पहुंचा। ग्रामीणों की सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के तौर पर किया गया। लेकिन भाजपा सरकार सिर्फ शहरी क्षेत्रों तक ही सिमटी रही। इस दौरान गांवों की उपेक्षा की गई। कहा कि वास्तविक उत्तराखंड गांवों में बसता है। देश का आत्मनिर्भर बनाने का दावा करने वाली सरकारों ने ग्रामीणों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में चकराता विधान सभा के लिए स्वीकृत कई योजनाओं को भाजपा ने राजनैतिक स्वार्थ के चलते बंद कर दिया है। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही सभी ठप पड़ी योजनाओं को शुरू किया जाएगा। इस दौरान अजब सिंह, सीताराम जोशी, गुलाब सिंह, सिंगा राम, सीतू, रमेश चंद्र, अरविंद राय, गोविंद दास, आशू आदि मौजूद रहे।

















