Home उत्तराखंड वेतन नहीं मिलने से नाराज वन कर्मी धरने पर डटे

वेतन नहीं मिलने से नाराज वन कर्मी धरने पर डटे

Angry forest workers staged a sit-in protest due to non-payment of salary
Angry forest workers staged a sit-in protest due to non-payment of salary

विकासनगर।  वेतन नहीं मिलने से गुस्साए भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी में तैनात दैनिक भोगी कर्मी दो सप्ताह से धरने पर डटे हुए हैं। कर्मियों का आरोप है कि अधिकारी दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की उपेक्षा कर रहे हैं। शुक्रवार को भूमि संरक्षण वन प्रभाग के कालसी स्थित मुख्यालय में धरने पर बैठे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बबलू कुंवर ने कहा कि 22 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार के पालन पोषण की समस्या पैदा हो गई है। स्कूल में फीस जमा नहीं होने से स्कूल प्रबंधन उनके बच्चों को परीक्षा में शामिल करने से मना कर रहे हैं, जिससे बच्चों के भविष्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वेतन भोगी कर्मी किराए के आवास पर रहते हैं। लंबे समय से किराया नहीं देने से उन पर मकान खाली करने का दबाव भी बन रहा है। कहा कि 22 माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने सड़क पर आने की नौबत आ गई है। विभागीय अधिकारियों को कई बार अपनी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारी उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। दैनिक वेतन भोगी कर्मियों की सुनवाई किसी भी स्तर पर नहीं हो रही है। कहा कि अधिकारियों की उपेक्षा से परेशान होकर दैनिक कर्मियों ने आंदोलन की राह चुनी है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उन्हें उचित आश्वासन और भुगतान नहीं मिलता तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। कर्मियों ने विभाग को चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं मिलने की स्थिति में वे हड़ताल पर ही रहेंगे। धरना प्रदर्शन करने वालों में कर्मचारी संघ के सचिव दीपक असवाल, गंभीर दास, दौलत सिंह, केशर नेगी, आनंद, करन, मोहन दास, राजू थापा, रेणू, पदमा, शीला देवी, मनोज, सोमपाल, ओमपाल, सतीश, मनोज कुमार, गोपाल आदि शामिल रहे।