Home उत्तराखंड बागेश्वर की वादियों में रोमांच की ऐतिहासिक उड़ान – मजूलिया पैराग्लाइडिंग फेस्ट...

बागेश्वर की वादियों में रोमांच की ऐतिहासिक उड़ान – मजूलिया पैराग्लाइडिंग फेस्ट ने खोले पर्यटन और रोजगार के नए आयाम

A Historic Flight of Adventure in the Valleys of Bageshwar – The Majuliya Paragliding Fest Unlocks New Dimensions of Tourism and Employment.
A Historic Flight of Adventure in the Valleys of Bageshwar – The Majuliya Paragliding Fest Unlocks New Dimensions of Tourism and Employment.

बागेश्वर।  जनपद बागेश्वर की सुरम्य वादियों में साहसिक खेलों का एक नया अध्याय जुड़ गया, जब विकासखंड गरुड़ के ग्राम सभा गढ़खेत स्थित डनेराखाल में मजूलिया पैराग्लाइडिंग फेस्ट – सीजन 1 का भव्य शुभारंभ किया गया। नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, उत्तरकाशी एवं जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय उत्सव ने क्षेत्र को रोमांच, पर्यटन और संभावनाओं की नई ऊंचाइयों से जोड़ दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली, जिसने आयोजन को जन-उत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया।
फेस्टिवल के प्रथम दिवस देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 13 कुशल पायलटों ने अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करते हुए आसमान में साहस और तकनीक का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। पायलटों ने लगभग 2300 मीटर की ऊंचाई तक उड़ान भरते हुए तीन घंटे के रोमांचक सफर के पश्चात खुमटिया में सफल लैंडिंग की। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जो पूरे समय उत्साह और रोमांच से सराबोर रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि बागेश्वर का पर्वतीय भूगोल, अनुकूल वायु प्रवाह और प्राकृतिक सौंदर्य पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए अत्यंत उपयुक्त है। ऐसे आयोजन न केवल क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए द्वार भी खोलते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने एक स्वर में कहा कि यह पहल भविष्य में बागेश्वर को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर सकती है। साथ ही, यह आयोजन क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विक्की बिष्ट, ग्राम प्रधान जिनखोला राजेंद्र नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।