
रिया सोलीवाल, भिकियासैंण
भिकियासैण (अल्मोड़ा)। डा. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण मे विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैलवाल द्वारा नवाचार समिति एवं कौशल विकास समिति के संयुक्त तत्वाधान में पीरुल से टोकरी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं को स्थानीय प्रशिक्षक कमला देवी पत्नी श्री श्याम सुंदर निवासी नगर पंचायत भिकियासैंण के वार्ड गांधीनगर द्वारा पीरुल से टोकरी निर्माण का प्रशिक्षण महाविद्यालय में दिया जा रहा है। यह कार्यक्रम महाविद्यालय में निरंतर गतिशील रहेगा। महाविद्यालय मे उक्त प्रशिक्षण के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को भी सम्मिलित करने का प्रयास करेगा तथा स्लोगन वोकल फॉर लोकल के माध्यम से विद्यार्थियों ,स्थानीय लोगों, विशेष रूप से महिलाओं को स्वरोजगार, जीविकोपार्जन, स्किल एनहैंसमेंट के अवसर प्रदान किए जाएंगे।साथ ही पर्यावरण संरक्षण, इको फ्रेंडली वस्तुओं के उपयोग एवं सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। महाविद्यालय की कौशल विकास समिति के संयोजक डॉ.परितोष उप्रेती एवं नवाचार समिति की संयोजक डॉ.इला बिष्ट ने इस प्रशिक्षण को अनवरत चलाने का निर्णय लिया है। उक्त कार्यशाला महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना के दिशा निर्देशन में संचालित की जा रही है ।खाली समय में छात्र-छात्राएं इसका लाभ अवश्य उठाएंगे।आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में अन्य प्रशिक्षकों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
















