Home उत्तराखंड मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक...

मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित

District-level NCORD committee meeting held regarding drug prevention.
District-level NCORD committee meeting held regarding drug prevention.

रिया सोलीवाल, भिकियासैंण

अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, नशामुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग नशे के विरुद्ध अभियान में अपनी सहभागिता दिखा सकें। उन्होंने मादक पदार्थों की गतिविधियों से जुड़े संभावित हॉटस्पॉट का चिह्नीकरण कर वहां नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में जनवरी से जून तक मादक पदार्थों से संबंधित 27 अभियोग पंजीकृत किए गए, जिनमें 52 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस अवधि में लगभग 1.33 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थों की रोकथाम केवल प्रवर्तन एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नशामुक्ति एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियों को निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।