विकासनगर। मई माह के मध्य में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पछुवादून में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से पार होने लगा है। मई माह में पड़ रही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। पछुवादून की दोपहरी पिछले एक सप्ताह से आमजन के लिए कष्टदायक साबित हो रही है। सुबह 10 बजते ही सूरज झुलसाने लगता है, जो दिन बढ़ने के साथ-साथ बढ़ता जाता है। दोपहर में गर्म हवा चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति यह है कि दोपहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। गर्मी के कारण लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। सड़क पर चलने वाले लोग टोपी, चश्मा, गमछा और सिर पर कपड़ा बांधे बिना घर से नहीं निकल रहे हैं। गर्मी के कारण महिलाएं और युवतियां छाता और अन्य व्यवस्थाओं के साथ आवश्यक काम होने पर घर से बाहर निकल रही हैं। बाहर निकलने पर तो पल-पल गला सूखने लगता है। इस वजह से कोल्ड ड्रिंक सेंटर और गन्ना रस की दुकानों पर राहगीरों की भीड़ लग रही है। डिहाइड्रेशन से बचने और घर से बाहर रहने वाले लोग बार-बार तरल व ठंडा पेय पदार्थ का सेवन कर रहे हैं। इस वजह से ठंडे पेय पदार्थों का कारोबार भी काफी बढ़ गया है। गर्मी के कारण स्कार्फ, चश्मा, टोपी की बिक्री में भी भारी इजाफा होने लगा है।

















