थानो में महिला एवं पुरुष सुधार समिति का धरना प्रदर्शन जारी है। आठवें दिन नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने धरने को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो थानो के स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण किया जाएगा।
मंगलवार को महिला एवं पुरुष सुधार समिति का धरना आठवें दिन थानो स्थित शहीद स्मारक पर जारी रहा। आठवें दिन नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और धरने को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों की मांग उचित है। क्षेत्र की जन भावनाओं और आवश्यकताओं को देखते हुए अस्पताल का उच्चीकरण किया जाना जरूरी है। जरूरत के आधार पर मानकों को नजरअंदाज कर अस्पताल अपग्रेड किया जा सकता है। उनकी सरकार ने त्यूणी में इसी प्रकार एक अस्पताल बनाया है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद थानो के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने कारगिल शहीद नरपाल सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह मनवाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अस्पताल के अपग्रेड करने का यह निर्णय केंद्र सरकार के अधीन है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर ही अपग्रेड किया जाना संभव है। धरने में जिला पंचायत सदस्य अश्वनी बहुगुणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह, राधे सिंधवाल, मुन्नी भावना, पदम सिंह पंवार, जयपाल सिंह नेगी, कमला देवी, कैप्टन भगत सिंह राणा, वीरेंद्र बड़थ्वाल, रुचि कोठारी, अर्चना थपलियाल आदि उपस्थित रहे।